Breaking News

मऊ में छह करोड़ से अधिक की संपत्ति कुर्क, दो सगे भाइयों पर डीएम के निर्देश पर हुई बड़ी कार्रवाई

मुल्क तक न्यूज़ टीम, मऊ. मऊ में अवैध रूप से अर्जित की गयी संपत्ति पर प्रशासन ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 करोड़ से अधिक की संपत्ति को कुर्क किया है। मधुबन तहसील क्षेत्र के 6 अलग अलग स्थानों पर की गयी इस कार्रवाई से भू माफियाओं में दहशत का माहौल है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासन ने मुनादी कराते हुए दो सगे भाइयों के चल-अचल संपत्तियों को कुर्क करते हुए नोटिस चस्पा किया।

मधुबन तहसील क्षेत्र के 6 स्थानों पर सुनियोजित तरीके से अपराध कारित व गांजा तस्करी कर अर्जित किये गये कुल 6 करोड़ 8 लाख 92 हजार 487 रूपये की चल अचल संपत्ति पर जिलाधिकारी मऊ के निर्देश के बाद प्रशासन ने उक्त कार्रवाई की। इस दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही।

लूट एंव गांजा तस्करी कर अर्जित की संपत्ति

पुलिस के अनुसार, कोपागंज थाना क्षेत्र के रईसा निवासी संतोष जायसवाल एवं उसके दोनों पुत्र रवि जायसवाल एंव राहुल जायसवाल एवं संतोष जायसवाल का भाई संजय जायसवाल सुनियोजित गैंग बनाकर लूट एवं गांजा तस्करी का कारोबार करते थे। उनके खिलाफ थाना कोपागंज में गैंगस्टर सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। संतोष जायसवाल द्वारा उक्त लोगों के साथ मिल कर गांजा की तस्करी कर मधुबन में अकूत चल अचल सम्पत्ति अर्जित की गयी थी। जिलाधिकारी अरूण कुमार ने अवैध रूप से अर्जित चल अचल संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश दिया था।

दोनों के पुत्र, पत्नियों के नाम थी संपत्ति

सीओ घोसी उमा शंकर उत्तम ने बताया कि मधुबन के हिराजपट्टी में संजय जायसवाल के नाम दर्ज गाटा संख्या 67 पर 30 कड़ी में बना मकान, उफरौली में नीलम के नाम दर्ज गाटा संख्या 248 पर 56 कड़ी पर बना मकान, बहरामपुर में ममता जायसवाल, राहुल जायसवाल एवं रवि जायसवाल के नाम पर बने मकान, मधुबन के विभिन्न स्थानों पर इनके नाम खेत, वाहन सहित चल अचल सम्पत्ति को कुर्क कर दिया गया है। मुनादी कराते हुए नोटिस चस्पा कर दिया गया है।

कुर्क किये गये कुल संपत्तियों की लागत 6 करोड़ 8 लाख 92 हजार 497 रूपये है। जिसमें संतोष जायसवाल की 3 करोड़ 66 लाख 44 हजार 842 रूपये तो वहीं उसके भाई संजय जायसवाल की 2 करोड़ 42 लाख 43 हजार 487 रूपये की संपत्ति शामिल है।

उपजिलाधिकारी मधुबन मनोज कुमार तिवारी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान सीओ घोसी उमाशंकर उत्तम, तहसीलदार घोसी संजीव यादव, नायाब तहसीलदार मधुबन अभिजीत प्रताप सिंह, कोपागंज थाना प्रभारी अमित कुमार तिवारी, प्रभारी निरीक्षक मधुबन अब्दुल वहीद, सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान तैनात रहे।

कोई टिप्पणी नहीं