आजमगढ़ में दहेज हत्या का आरोपी रमाकांत यादव गिरफ्तार, छह लाख रूपए दहेज के लिए कर दी हत्या
मुल्क तक न्यूज़ टीम, आजमगढ़. आजमगढ़ जिले की पुलिस ने दहेज हत्या में फरार चल रहे आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। इस मामले में जिले की पुलिस ने आरोपी रमाकांत यादव उर्फ नंदू को गिरफ्तार किया है। इस मामले में मेंहनगर निवासी साधार यादव ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि 29 जनवरी को मेरी बेटी को ससुराल के लोग लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं।
दहेज में छह लाख रूपए नकद और फोर व्हीलर कार की मांग की जा रही है। दहेज न लाने की स्थिति में जान से मारने की धमकी दी जा रही है। इसके साथ ही आरोपी पति दूसरी शादी करने की लगातार धमकी दे रहा है। मायके के लोगों द्वारा मांग न पूरी किए जाने से महिला की हत्या कर दी गई। इस मामले में परिजनों ने दूल्हे, दूल्हे के भाई पिता सहित छह नामजद और कुछ अज्ञात के विरूद्ध जहानागंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इस मामले की विवेचना सीओ सदर द्वारा की जा रही थी। परिजनों की शिकायत पर दर्ज मुकदमें के अन्तर्गत पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
चक्रपाणिपुर बाजार से आरोपी गिरफ्तार
आरोपियों की तलाश में जुटे जहानागंज के इंस्पेक्टर लगातार दबिश दे रहे थे। इसी क्रम में घटना के मुख्य आरोपी मृतका के पति रमाकांत यादव के बारे में सूचना मिली की आरोपी कहीं भागने के प्रयास में है। इस सूचना पर जिले की पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए गए पते पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछतॉछ शुरू की तो आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया। आरोपी को न्यायालय भेजा जा रहा है जहां से जेल रवाना किया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं