मऊ में यूनियन बैंक ग्राहक सेवा केंद्र संचालक को मारी गोली, हालत गंभीर
मुल्क तक न्यूज़ टीम, मऊ. मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली के ग्राम सभा बनियापर के पास यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की ग्राहक सेवा केंद्र के कर्मचारी को दो अज्ञात बाइक सवारों ने गोली मार दी। गोली लगते ही यूनियन बैंक संचालक नीचे जमीन पर गिर गया। आस पास के लोगों ने सीएचसी पहुंचाया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घायल प्रमोद कुमार श्रीवास्तव (55) सूतरही ग्राम सभा के निवासी हैं। जो बनियापार ग्राम सभा के पास यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की बैंक की ग्राहक सेवा केंद्र को चलाते हैं। घायल प्रमोद कुमार श्रीवास्तव अपने बैंक के फ्रेंचाइजी पर ग्राहकों को देख रहे थे। तभी मुहम्मदाबाद गोहना की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति उनकी दुकान पर पहुंचे।
लूटने के दौरान ही बदमाशों ने चलाई गोली
दुकान पर पहुंचते ही प्रमोद से लूट करने लगे। लूट का विरोध करते ही अज्ञात बदमाशों ने उनके सिर में गोली मार दी। वह बेहोश होकर वहीं पर गिर गए। गोली की आवाज सुनकर हंगामा मच गया। आस पास के लोग इकट्ठा हुए। तब तक बदमाश फरार हो गए। लोगों ने प्रमोद की सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ग्रामीणों से बचकर भाग निकले बदमाश
ग्रामीणों का कहना है कि बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की गई, लेकिन असफल रहे। बदमाश तमंचा लहराते हुए आजमगढ़ की तरफ भाग निकले। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस प्रशासन को दी गई। चिकित्सक ने बताया कि घायल की हालत गंभीर बनी हुई है। उसके सिर में गोली छूकर निकल गई है। मामले में सीओ नरेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना किया गया है। वहां पर बैरिकेडिंग कर जांच की जा रही है। जांच में चोरी की बात नहीं निकली है, लेकिन बदमाश लूटने के इरादे से ही आए थे। पड़ताल जारी है।
कोई टिप्पणी नहीं