Breaking News

मऊ से भटककर बिहार पहुंची किशोरी संग कइयों ने किया दुष्‍कर्म, 50 हजार रुपये में बेचा

मुल्क तक न्यूज़ टीम, मऊ. परिजनों से नाराज होकर घर से निकली किशोरी ट्रेन से बिहार प्रांत के मधुबनी पहुंच गई और गलत लोगों के चंगुल में फंस गई। सभी ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म भी किया और गलत कार्य में ढकेल दिया। दर्ज रिपोर्ट के आधार पर बिहार पहुंची पुलिस ने छापेमारी कर तीन युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यही नहीं पुलिस की जांच में जयनगर थाने का ड्राइवर व चौकीदार की भी संलिप्तता सामने आई है।

लगभग डेढ़ माह पूर्व शहर कोतवाली के भीटी क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर रात में घर से निकल गई। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन पता नहीं चल सका। इसके बाद कोतवाली में परिजनों ने किशोरी के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। इस आधार पर कोतवाली पुलिस जांच पड़ताल में जुटी थी।

उधर किशोरी स्टेशन से किसी ट्रेन पर सवार होकर बिहार के मधुबनी पहुंच गई। यहां मधुबनी क्षेत्र के कुछ लोगों ने किशोरी को अपने झांसे में लिया। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। यही नहीं इन लोगों ने उसे गलत धंधे में ढकेल दिया। आरोप है कि इसके लिए 50 हजार रुपये कीमत भी वसूल की गई थी। 

इस बीच सुराग मिलने पर कोतवाली पुलिस कुछ दिन पहले बिहार के मधुबनी रवाना हो गई। यहां छापा मारकर मधुबनी के प्रमोद यादव व महिला शांति को गिरफ्तार कर यहां लाई। कड़ाई से पूछताछ करने के बाद सभी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने अपहरण की धारा को दुष्कर्म में तब्दील कर कार्रवाई में जुट गई।

कुछ दिन पहले कोतवाल संजय त्रिपाठी ने एसआइ आदर्श श्रीवास्तव व तीन सिपाहियों की टीम गठित कर मधुबनी भेजा। यहां मधुबनी से ही साजन को गिरफ्तार किया गया। कोतवाल संजय त्रिपाठी ने बताया कि बिहार के जयनगर थाने का ड्राइवर व चौकीदार भी इसमें संलिप्त हैं। इस दिशा में भी पुलिस कार्रवाई कर रही है। अभी यह लोग पुलिस के चंगुल में नहीं आए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं