Breaking News

मऊ में जमीन विवाद में भाई ने अपने भाई को फावड़े से काट डाला, भतीजे पर भी किया हमला

मुल्क तक न्यूज़ टीम, मऊ. मऊ जिले के हलधरपुर थाने के गहनी गांव निवासी 48 वर्षीय देवेंद्र सिंह पुत्र बब्बन सिंह की सोमवार की दोपहर जमीनी विवाद में भाई व भतीजे से फावड़े से काटकर हत्या कर दी। वहीं मृतक की पत्नी 45 वर्षीय सिनू सिंह, 15 वर्षीय बेटी सोनाली व 12 वर्षीय पुत्र सनी को भी चोट आई है। सुबह दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई थी। दोपहर में इसी बात को लेकर कहासुनी के बीच बड़े भाई विनोद सिंह व भतीजे शुभम ने फावड़े से हमला कर दिया।

हलधरपुर थाने के गहनी गांव निवासी देवेंद्र सिंह और विनोद सिंह दोनों भाई हैं। इसमें देवेंद्र मुंबई रहकर कुछ काम करते थे। वे जमीन बंटवारे के लिए ही कुछ दिन पूर्व गांव आए थे। इधर अग्निपथ योजना को लेकर रद ट्रेनों के चलते वे नहीं जा पाए। दोनों भाइयों में घर और सहन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। इसमें लगभग दो सप्ताह पहले देवेंद्र सिंह मुंबई से घर आए थे। इस बीच बंटवारे के निमित्त पंचायतों का दौर कई बार चला। सोमवार की सुबह भी पंचायत हुई। दोनों पक्ष सहमत भी हो गए।

जब पंचायत खत्म गई तो फिर से कोई मतभेद होने पर यह तय हुआ कि दोनों लोग अपने परिवार में इस बंटवारे को लेकर एक आम सहमति बना लें। इसको लेकर देवेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ कुछ चर्चा कर रहे थे।ग्रामीणों के अनुसार इसी बीच उनके भाई विनोद सिंह व भतीजे आर्मी के जवान शुभम सिंह से किसी बात को लेकर पुनः विवाद होने लगा। मामला मारपीट तक जा पहुंचा।

इतने में भाई व भतीजे ने फावड़े से मारकर उनकी हत्या कर दी। देवेन्द्र सिंह को बचाने आई पत्नी 45 वर्षीय सीनू सिंह, 15 वर्षीय पुत्री सोनाली, आठ वर्षीय पुत्र सन्नी को भी चोट आई। घटना के बाद भतीजा शुभम कहीं फरार हो गया। जबकि सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने भाई विनोद को पकड़ लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मौके पर पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं