Breaking News

Mausam Samachar Today Updates: आज हो सकती है बारिश, इन राज्यों में भी बदलेगा मौसम का मिजाज

मुल्क तक न्यूज़ टीम, नई दिल्ली. Mausam Samachar Today Updates: पूरे देश में गर्मी की लहर से काफी हद तक राहत मिलती दिखाई दे रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक कई जगहों पर बारिश के आसार हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था लेकिन पिछले दिनों के मुकाबले कम था।
Mausam Samachar Today Updates

समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, मौसम विभाग ने दिल्ली में दिन के लिए आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ धूल और गरज के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। IMD के सीनियर साइंटिस्ट आर.के. जेनामनी ने कहा कि दिल्ली, हरियाणा पंजाब और उत्तर प्रदेश सहित भारत के अधिकांश हिस्सों में हीटवेव का दौर समाप्त हो गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक दिल्ली और आस-पास के क्षेत्रों में हीटवेव की स्थिति जारी रहने की उम्मीद है, लेकिन पिछले दिनों के मकाबले यह कम होगी। वहीं हरियाणा, चंडीगढ़ और राष्ट्रीय राजधानी में अलग-अलग स्थानों पर धूल भरी आंधी या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है जिससे लोगों को राहत मिलेगी।

दिल्ली में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो साल के इस समय के लिए सामान्य से दो डिग्री अधिक है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव में राजधानी में पुरवाई हवा चलने से रविवार को पारा गिरकर 40.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया था। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि दिल्ली में सोमवार रात 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है।

एक अधिकारी ने कहा, ‘‘उत्तर पश्चिमी भारत को प्रभावित करने वाले एक पश्चिमी विक्षोभ के चलते राजधानी में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। एक और पश्चिमी विक्षोभ की भविष्यवाणी 4 और 5 मई को की गई है। दिल्ली में कम से कम दो से तीन दिनों तक कोई लू चलने की संभावना नहीं है।’’ दिल्ली में छह मई तक पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

हरियाणा और पंजाब में कई जगहों पर गर्म मौसम के हालात बने हुए हैं

मौसम विभाग की मौसम रिपोर्ट में कहा गया है कि हरियाणा के नारनौल में तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के अन्य हिस्सों और इसके पड़ोसी पंजाब में सोमवार को भीषण गर्मी जारी रही। नारनौल हरियाणा का सबसे गर्म स्थान रहा।

हिसार, रोहतक, भिवानी और फतेहाबाद में भी गर्म मौसम की स्थिति बनी रही, इन शहरों में अधिकतम तापमान 43.8, 42.6, 41.6 और 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, अंबाला और कुरुक्षेत्र में चिलचिलाती धूप से कुछ राहत मिली, जहां अधिकतम तापमान समान रूप से 36.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

गर्मी के चलते ओडिशा के स्कूलों का टाइम बदला


राज्य में चल रही गर्मी के बीच ओडिशा सरकार ने स्कूलों के समय में संशोधन किया है। नया समय सुबह 6:00 बजे से 9:00 बजे तक है और आज से लागू हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि लगातार छह दिनों तक भीषण गर्मी से झुलसने के बाद, आसमान में बादल छाए रहने और हल्की हवा ने रविवार को राज्य के लोगों को बहुत राहत दी, जबकि राज्य के पश्चिमी क्षेत्र में तापमान अधिक था। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान में लगभग 2-4 डिग्री की गिरावट आई और कई शहरों में सामान्य से कम रहा।

राजस्थान के अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान में गिरावट

राजस्थान के अधिकांश स्थानों पर सोमवार को अधिकतम तापमान में एक से चार डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। इसके बावजूद राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से एक से पांच डिग्री सेल्सियस तक अधिक बना हुआ है।

मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार सोमवार को पिलानी 45.4 डिग्री सेल्सियस के साथ राजस्थान का सबसे अधिक गर्म स्थान रहा, यहां रविवार के मुकाबले तापमान में मामूली गिरावट के बावजूद तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया व दिन में लू का प्रकोप बना रहा।

प्रवक्ता ने बताया कि इसी तरह गंगानगर में रविवार के मुकाबले सोमवार को अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री की कमी आई और यहां तापमान 45.3 डिग्री रहा ,जो सामान्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

#WeatherForecastToday

कोई टिप्पणी नहीं