Breaking News

बीच गंगा में दो हिस्सों में बंटी नाव, कई महिलाओं को बचाया, एक की मौत

मुल्क तक न्यूज़ टीम, बक्सर. मुंडन संस्कार के लिए अहिरौली से भरौली घाट जा रही नाव गंगा नदी में ही दो हिस्सों में बंट गई। नाव पर सवार कई महिलाएं नदी में डूबने लगीं। तब आसपास मौजूद नाविकों ने गंगा में डूब रही महिलाओं को पानी से बाहर निकाला। सबको तत्काल इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक महिला की मौत हो गई।

राजपुर थाना क्षेत्र के रसेन गांव निवासी विजयशंकर सिंह के नाती का मुंडन संस्कार था। सभी लोग बक्सर आए थे। रामरेखाघाट पर अधिक भीड़ होने के कारण मुंडन के लिए परिवार के लोग अहिरौली घाट की तरफ चले गए। मुंडन संस्कार में भाग लेने के लिए विजयशंकर सिंह की पत्नी की बहन धनराजो देवी (55 वर्ष) पति यमुना सिंह रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के कुदुरु खदांव गांव से आई थी।

सुबह करीब दस बजे सभी लोग अहिरौली घाट से गंगा पार भरौली जा रहे थे। भरौली घाट पहुंचने के पूर्व ही नाव दो हिस्सों में बंट गई और उस पर सवार महिलाएं डूबने लगीं। इस हादसे में धनराजो देवी की मौत हो गई।

वहीं रसेन के रामसूरत सिंह की पत्नी बूटनी देवी (70 वर्ष) समेत एक अन्य महिला को इलाज के बाद घर भेज दिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम धीरेन्द्र मिश्र, सीओ प्रियंका राय और औद्योगिक थानाध्यक्ष मुकेश कुमार मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। घटना को लेकर औद्योगिक थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

बगैर परमिशन के गंगा में संचालन होती है नाव : लग्न का मौसम शुरु होते ही गंगा में नावों की संख्या में इजाफा हो जाता है। नाविक पैसों की लालच में नाव की क्षमता से अधिक लोगों को बिठा लेते हैं। ऐसे में हादसे होते रहते हैं। जानकारों का कहना है कि नाविक बगैर सरकार के परमिशन के नावों का परिचालन करते हैं।

एसडीएम सदर धीरेंद्र मिश्रा के अनुसार नाव हादसे में एक महिला की मौत होने की जानकारी मिलते ही प्रशासन को अलर्ट किया गया था। घटना में जख्मी महिलाओं को इलाज के बाद घर भेज दिया गया। गंगा नदी में नावों के परिचालन की जांच की जाएगी। गलत तरीके से नाव परिचालित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

#BuxarLatestNews #BuxarNews

कोई टिप्पणी नहीं