आज लालू प्रसाद यादव आ रहे पटना, आरजेडी के साथ जाएंगे चिराग पासवान
मुल्क तक न्यूज़ टीम, पटना. LIVE Bihar News Today : लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) चारा घोटाला के मुकदमों में अभी तक तो झारखंड में ही कोर्ट में उपस्थित होते रहे थे, लेकिन अब ऐसा बिहार में भी शुरू हो रहा है। बिहार के बांका कोषागार से जुड़े चारा घोटाला के एक मामले में लालू की मंगलवार को कोर्ट में पेशी है। इसे देखते हुए वे आज पटना आ सकते हैं। बिहार में शराबबंदी कानून के उल्लंघन पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है।
इस क्रम में पुलिस पर मर्यादा तोड़ने का भी आरोप लगा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना की जांच का आदेश दिया है। आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा है कि शराब पीते पकड़े गए नेता पार्टी से निष्कासित कर दिए जाएंगे। मोतिहारी में एक व्यवसायी अपराधियों की फायरिंग में बाल-बाल बचा तो सुपौल में एक व्यवसायी से तीन लाख रुपये लूट लिए गए। उधर, बीती शाम पटना एयरपोर्ट पर घने कोहरे के कारण स्पाइसजेट की एक फ्लाइट की हार्ड लैंडिंग हुई तो अररिया में एक पत्रकार को अपराधियों ने गोली मार दी थी। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। बिहार की तमाम छोटी-बड़ी यहां पढ़ें।
02:25 PM- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना मेडिकल कालेज एवं अस्पताल कर जायजा लिया। उन्होनंे वहां विकास कार्यों का अवलोकन किया। साथ ही समय पर लंबित कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय भी थे।
02:13 PM- जमुई के सिकंदरा-नवादा मुख्यमार्ग पर महना पुल के समीप दो बाइक की आमने सामने की टक्कर हो गई। दुर्घटना में तुलाडीह के एक बाइक चालक राजन कुमार की मौत हो गई। स्वजनों व ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर सिकन्दरा-नवादा मुख्यमार्ग पर तुलाडीह के समीप सड़क को जाम कर दिया।
01:55 PM- पटना में बोले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार- शराबबंदी को सफल बनाने का प्रयास जारी है। समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। अब 26 नवंबर को शराबबंदी का शपथ कार्यक्रम होगा। इस बीच आरजेडी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा है कि पार्टी के नेता अगर शराब पीते पकड़े गए तो उनपर कार्रवाई की जाएगी। उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया जाएगा।
01:25 AM- शराबबंदी अभियान के दौरान पुलिस मनमानी पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सख्त। पटना के राम कृष्णा नगर में शादी समारोह के दौरान बगैर महिला पुलिस के दुल्हन के कमरे में घुसने की घटना का लिया संज्ञान। वरीय अधिकारियों को दिया जांच का निर्देश।
01:02 PM- सारण के गड़खा-खोदाईबाग रोड में गड़खा थाना क्षेत्र के पथरा गांव स्थित इंडियन बैंक के सीएसपी संचालक से करीब डेढ़ लाख रुपये की लूट। दो बाइक पर सवार छह अपराधियों ने सीएसपी संचालक आशुतोष कुमार आजाद से एक लाख 55 हजार रुपए की लूट हुई है।
12:30 PM- पटना के रूपसपुर थाना क्षेत्र के मीरा रिसॉर्ट के बगल में एक घर में झारखंड से आये दूल्हे को परिवार सहित बंधक बना लिया गया है। छोड़ने के लिए लड़की पक्ष ने 11 लाख की मांग की है। हजारीबाग से बारात आयी थी। सिन्दूरदान से पहले दूल्हा बेहोश हो गया तो लड़की वाले को उसकी बीमारी का पता चला। इसके बाद लड़की पक्ष ने विवाह से इनकार करते हुए दान दहेज मे दिये गये सामान व पैसे वापस करने की मांग की है। दोनों पक्षों के बीच समझौते की बातचीत चल रही है।
12:00 PM- सुपौल-पिपरा मुख्य मार्ग 327 ई पर कटैया चौक से पूरब शिव मंदिर के समीप पांच बाइक पर सवार 10 अपराधियों ने मवेशी खरीदने पिकअप वैन लेकर सुपौल जा रहे गाड़ी चालक को गोली मार दी। उन्होंने व्यवसायी से तीन लाख रूपए लूट लिए।
11:30 AM- पटना जजशिप की सभी अदालतें सोमवार से शुक्रवार तक फिजिकल मोड में चलेंगी। जबकि, शनिवार को वर्चुअल मोड मे चलेगी। इसकी जानकारी पटना के जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुनील दत्त मिश्रा ने एक नोटिफिकेशन के माध्यम से दिया है। यह नोटिफिकेशन आज से लागू हो गया है।
11:00 AM- बिहार में आरजेडी ने चिराग पासवान को दिया 5-6 सीटों का ऑफर। विधान परिषद के चुनाव से ठीक पहले हो सकता है गठबंधन का एलान। चिराग पासवान पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर 28 नवंबर को इस संबंध में कुछ घोषणा करेंगे।
10:30 AM- मोतिहारी शहर के ज्ञानबाबू चौक पर सोमवार की सुबह बाइक सवार अपराधियों ने ज्ञानबाबू चौक निवासी दिलीप कुमार पर फायरिंग की। घटना तब हुई, जब वे घर से बाइक पर निकाल रहे थे। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले राजकुमार गुप्ता ने कारोबार के सिलसिले में उन्हें हत्या की धमकी दी थी।
10:00 AM- शराबबंदी अभियान में पुलिस तोड़ रही मर्यादा। शादी समारोह के दौरान बगैर महिला पुलिस के दुल्हन के कमरे में घुसे पुलिसकर्मी। पटना के राम कृष्णा नगर की घटना है।
09:30 AM- पटना में आरजेडी कार्यालय पर लगाए जाने वाले की लालटेन का वजन बढ़ने वाला है। आरजेडी प्रदेश कार्यालय में छह टन की लालटेन लगाया जा रहा है। इस लालटेन का उद्घाटन लालू प्रसाद यादव कर सकते हैं। लालटेन आरजेडी का चुनाव चिह्न भी है।
09:05 AM- झारखंड-बिहार सब एरिया बीआरसी एनसीसी छावनी परिषद एवं दानापुर अनुमंडल प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में दानापुर क्षेत्र के गंगा घाटों पर सफाई अभियान चलाया गया। सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल राज पाल पुनिया, बीआरसी समादेष्टा ब्रिगेडियर आलोक खुराना और एसडीओ बिक्रम विरकर ने कचहरी घाट से इसकी शुरुआत की।
08:30 AM- जेडीयू नेता उपेंद्र कुशवाहा ने मुजफ्फरपुर में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। उन्हें तेजस्वी को बेरोजगार बताते हुए कहा कि वे मीडिया में बने रहने के लिए बिना मतलब की बातें करते रहते हैं। कुशवाहा ने शराबबंदी को लेकर सीएम नीतीश कुमार पर लगाए गए तेजस्वी के आरोपों को खारिज किया।
08:00 AM- बिहार में आठवें चरण के पंचायत चुनाव को लेकर प्रचार आज शाम पांच बजे थम जाएगा। मतदान बुधवार को होगा। मतगणना 26 व 27 नवंबर को होगी।
07:30 AM- बिहार की एक महिला वकील ने राष्ट्रीय जनता दल के एक पूर्व विधायक और एक वरिष्ठ आइएएस अधिकारी पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। घटना की एफआइआर दर्ज कराने की नाकाम कोशिश के बाद उसने दानापुर कोर्ट में परिवाद दायर किया है, जिसपर 13 दिसंबर को सुनवाई है। इस बीच महिला का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें वह कह रही है कि कुछ लोग अब आरोपितों को बचाने में लग गए हैं, लेकिन वह झुकने या डरने वाली नहीं है।
07:00 AM- पटना एयरपोर्ट पर बीती शाम कोहरे के कारण बेंगलुरु से आई स्पाइसजेट की फ्लाइट की हार्ड लैंडिंग हुई। फ्लाइट को कंट्रोल करने के लिए इमरजेंसी ब्रेक लगानी पड़ी। पटना एयरपोर्ट का रनवे छोटा है, जहां सामान्य लैंडिंग में भी ब्रेक का इस्तेमाल करना पड़ता है।
06:30 AM- आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव सोमवार को पटना आ सकते हैं। उनके साथ राबड़ी देवी भी रहेंगी। लालू प्रसाद यादव को बांका कोषागार से जुड़े चारा घोटाला के एक मामले में बिहार के कोर्ट में पेश होना है। पेशी मंगलवार को है।
कोई टिप्पणी नहीं