लॉकडाउन में बेटी जीवा को पेट डॉग को ट्रेन करना सिखा रहे कैप्टन कूल धोनी, ADORABLE VIDEO वायरल
धोनी अपने रांची फार्महाउस के गार्डन में अपनी बेटी जीवा और पेट डॉग के साथ नजर आ रहे हैं। वीडियो में आप देख सकते हैं कि धोनी अपनी बेटी जीवा को बता रहे हैं कि पेट डॉग को कैसे ट्रेंड करना है।
नई दिल्ली. कोरोना वायरस की वजह से मानो सारी दुनिया थम-सी गई है। सभी क्रिकेट और दूसरी खेल गतिविधियों पर ब्रेक लगा हुआ है। टोक्यो ओलंपिक एक साल के लिए स्थगित हो चुका है। आईपीएल 2020 को भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया गया है। इसी साल अक्टूबर में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप पर भी खतरे के बादल मंडरा रहे हैं। इन सबके बीच महेंद्र सिंह धोनी चर्चा का विषय बने हुए हैं। धोनी के भविष्य को लेकर कई तरह की बातें की जा रही हैं, लेकिन इन सबसे दूर 'कैप्टन कूल' रांची में अपनी बेटी जीवा के साथ क्वॉलिटी टाइम बिता रहे हैं। सोशल मीडिया पर धोनी और जीवा का एक नया वीडियो वायरल हो रहा है।
आईसीसी वर्ल्ड कप 2019 में धोनी ने सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी मैच खेला था। इस मैच में भारत को हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद से धोनी ने क्रिकेट नहीं खेला है। कहा जा रहा था कि धोनी आईपीएल में वापसी करेंगे और इसी परफॉर्मेंस से उनका भविष्य तय होगा। अब जब कोरोना वायरस की वजह से आईपीएल स्थगित है तो धोनी के भविष्य को लेकर तमाम तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। इस बीच चेन्नई सुपर किंग्स ने धोनी का एक वीडियो अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम पेज से शेयर किया है।
इस वीडियो में धोनी अपने रांची फार्महाउस के गार्डन में अपनी बेटी जीवा और पेट डॉग के साथ नजर आ रहे हैं। वीडियो में आप देख सकते हैं कि धोनी अपनी बेटी जीवा को बता रहे हैं कि पेट डॉग को कैसे ट्रेन करना है। जीवा के पास एक बॉल है, जिसे वह बार-बार उछालती है और पेट डॉग उसे कैच करता है।
महेंद्र सिंह धोनी सोशल मीडिया पर ज्यादा एक्टिव नहीं रहते। ऐसे में उनके फैन्स को उनके अपडेट आसानी से नहीं मिल पाते हैं। उनकी पत्नी साक्षी धोनी सोशल मीडिया पर खासी एक्टिव रहती हैं और अक्सर धोनी और जीवा के वीडियो और तस्वीरें भी शेयर करती रहती हैं। साक्षी की पोस्ट से फैन्स को धोनी के बारे में अपडेट मिलता रहता है।
बता दें कि धोनी के भविष्य को लेकर दिग्गजों की अलग-अलग राय है। गौतम गंभीर का कहना है कि अब धोनी की इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी मुश्किल है। उनका मानना है कि आईपीएल हो नहीं रहा है। ऐसे में आप धोनी को किस आधार पर सिलेक्ट कर सकते हैं। वहीं, हरभजन सिंह का कहना है कि मुझे नहीं लगता वो टीम इंडिया में वापसी करना चाहते हैं। रोहित शर्मा के साथ इंस्टाग्राम लाइव में उन्होंने कहा था कि जितना वो धोनी को जानते हैं, अब शायद वो कभी भारत के लिए नहीं खेलेंगे और उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच वर्ल्ड कप में खेल लिया है।
वहीं, दूसरी तरफ कमेंटेटर आकाश चोपड़ा का कहना है कि धोनी का भविष्य आईपीएल तय नहीं करेगा। कुछ वक्त पहले टीम इंडिया के पूर्व सिलेक्टर ने धोनी के बारे में बात करते हुए कहा था कि मैं यह साफतौर पर कहना चाहता हूं कि हमारी इस पर बात हुई थी और माही ने कहा था कि वह कुछ समय के लिए नहीं खेलना चाहते। लिहाजा हमने ऋषभ पंत को चुना और आगे बढ़ गए।
कोई टिप्पणी नहीं