सलाखों के पीछे MLA: रातभर हवालात में जागकर करवटें बदलते रहे विधायक अमनमणि त्रिपाठी
नजीबाबाद. लॉकडाउन उल्लंघन के मामले में गिरफ्तार किए गए विधायक अमनमणि त्रिपाठी हवाताल में रात भर जागते रहे। यूपी के महराजगंज के नौतनवा सीट से विधायक अमनमणि त्रिपाठी को सोमवार को उत्तराखंड से लौटते बिजनौर के नजीबाबाद में छह साथियों के साथ गिरफ्तार कर लिया गया था। मंगलवार दिन में उन्हें मजिस्ट्रेट के यहां पेश किया जाएगा।
विधायक ने गैस बनने पर मांगी दवाई
सोमवार की रात नजीबाबाद थाने की हवालात में रह रहे विधायक अमनमणि त्रिपाठी को रात में गैस बनने लगी। उन्होंने आवाज लगाई और दवाई मांगी। पुलिस की ओर से दवाई की व्यवस्था की गई। कोतवाल संजय शर्मा ने बताया कि विधायक सहित सभी लोगों को एक साथ सामान्य व्यवहार किया गया कोई अतिरिक्त सुविधा की व्यवस्था नहीं कराई गई है सभी को हवालात में ही रखा गया।
ऐसे हुए थे गिरफ्तार :
सोमवार को नजीबाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस गश्त कर रही थी। नजीबाबाद-कोटद्वार रोड पर समीपुर नहर पुल के पास पुलिस ने वीआईपी गाड़ियों को चेकिंग के लिए रोक लिया। एक गाड़ी में अमरमणि त्रिपाठी के पुत्र जनपद महाराजगंज की नौतनवा विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक अमनमणि त्रिपाठी सवार थे। अन्य तीन गाड़ियों मे उनके छह समर्थक थे। पुलिस ने उनसे पास मांगा तो वह दिखा न सके। पुलिस ने उन्हें समर्थकों के साथ लॉकडाउन उल्लघंन में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों की मानें तो विधायक और उनके समर्थक ऋषिकेश में भी लॉकडाउन का उल्लंघन कर चुके थे। वहां भी उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया। पुलिस ने थाने से उन्हें जमानत नहीं दी है। एसपी बिजनौर संजीव त्यागी ने बताया विधायक अमनमणि त्रिपाठी और उनके छह समर्थकों को लॉकडाउन उल्लंघन में गिरफ्तार किया गया है। मंगलवार सुबह उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के बाद क्वारंटान किया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं