एमपी में हुए सड़क हादसे में सूरत से गोंडा आ रहे 20 लोग घायल, गुना जिला अस्पताल में भर्ती
गोंडा. सूरत गुजरात से गोंडा जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में अपने घरों को वापस आ रहे लोगों का मध्य प्रदेश के गुना जिले में गाड़ी का स्टेरिंग फेल होने से एक्सीडेंट हो गया। गाड़ी में बैठे करीब 20 लोग घायल हो गए। घायलों का गुना जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।लोग बहुत घबराए हुए हैं। वहीं क्षेत्रीय विधायक को जानकारी मिलते ही फोन करके मदद का भरोसा दिलाया है।
घटना रविवार रात की है। जहां सूरत गुजरात के राधा कृष्णा मार्केट में काम करने वाले करीब 20 लोग घर वापसी की छूट मिलने के बाद टाटा अशोका लोडिंग गाड़ी से घर वापस आ रहे थे। तभी अचानक मध्य प्रदेश के गुना जिले में गाड़ी की स्टेरिंग फेल हो गई। जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। जिसमें गिरधरपुर के श्रीनरायन मिश्रा,होल्हीपुर के जगदीश प्रसाद, बाराबंकी के कौशल तिवारी, उमरी बेगमगंज के बुद्धू लाल व धर्मवीर , शीशव के राजन को गंभीर चोटें आई हैं। साथ में आ रही इन घायलों के परिवार की महिलाएं और बच्चे भी घायल हुए हैं। जिनका इलाज गुना जिला चिकित्सालय में चल रहा है।
विधायक ने दिलाया मदद का भरोसा:
घर वापस आते समय सड़क दुर्घटना की खबर सुनते ही तरबगंज विधायक प्रेम नरायन पांडेय ने दूरभाष द्वारा घायलों का हालचाल जाना और तत्काल मदद का भरोसा भी दिलाया है। विधायक श्री पांडेय ने मध्य प्रदेश के विधायक और यूपी सरकार से घायलों की मदद के लिए वार्ता की है।
कोई टिप्पणी नहीं